शिमला (एमबीएम न्यूज): हिमाचल में ऊंची चोटियों पर गुरूवार को एक बार फिर बर्फबारी हुई। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर में सुबह से ही बर्फबारी का दौर शुरू हो गया, जो दिन भर चला। कुल्लू जिले के सोलंगनाला व मनाली में भी हल्का हिमपात हुआ है। शिमला के ऊपरी इलाकों में भी बर्फ के फाहे गिरे, जबकि राजधानी में आसमान घने बादलों से घिरा रहा और बर्फीली हवाएं चलती रहीं। कई अन्य जिलों में भी धूप नहीं निकली और ठंड से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा।
पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात के चलते पारा 6 से 8 डिग्री लुढ़क गया। जबकि निचले क्षेत्रों में बर्फीली हवाओं के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान औसतन 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। राज्य में पिछले एक हफ्ते से मौसम के बिगड़े मिजाज के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरूवार को राज्य में न्यूनतम तापमान माइनिस 5.5 और अधिकतम 23.2 डिग्री सेल्यियस रहा।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग दर्रा, कुजंम दर्रा, बारालाचा और सप्तऋषि की पहाडि़यां बर्फ से ढक गई हैं। यहां दिन भर बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। लाहौल-स्पीति का केलंग राज्य का सबसे ठण्डा स्थान रहा। यहां पारा शून्य से 5.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। लाहौल घाटी में अत्याधिक ठंड के चलते नदी-नाले व झरने जम गए हैं। घाटी में पेयजल स्त्रोत जमने लगे है।
ठंड से बचाव के लिए स्थानीय लोगों को गर्म कपडों व अलावा का सहारा लेना पड रहा है। किन्नौर जिले के छितकुल व अन्य भागों में भी हल्का हिमपात हुआ है। इस हिमपात से किन्नौर, लाहौल स्पीति और मनाली में पारा जमाव बिंदू से नीचे चला गया है, जिस कारण इन स्थानों पर लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के अधिकांश मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों पर भी पारा जमाव बिंदू के आसपास पहुंच गया है।
कल्पा में आज न्यूनतम तापमान माइनिस 2.2 और मनाली में माइनिस 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उना में न्यूनतम तापमान 1, चंबा में 1.2, शिमला में 2, हमीरपुर में 2.1, सोलन में 2.5 और पालमपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में आज अधिकतम तापमान 5 डिग्री लुढ़ककर 9.5 डिग्री पर पहुंच गया। सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 16.5, भुंतर में 10.8, कल्पा में 4.6, धर्मशाला में 13.4, उना में 19.8, नाहन में 16.9, सोलन में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विभाग के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है। अगले 24 घंटों के दौरान बर्फबारी का सिलसिला थम जाएगा और पर्वतीय व अन्य हिस्सों में आसमान साफ हो जाएगा। कल से अगले पांच दिन तक समूचे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।