मंडी (विरेंद्र भारद्वाज) : वीरवार को मंडी के पड्डल मैदान में एक दिवसीय जिला स्तरीय ईनामी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिला के सभी दस विकास खंडों से आए 100 धावकों ने भाग लिया। यह धावक पहले खंड स्तर पर आयोजित हुई प्रतियोगिता में भाग ले चुके थे। प्रतियोगिता में महिला और पुरूष वर्ग के लिये ओपन रेस का आयोजन किया गया। पुरूष वर्ग की तीन हजार मीटर दौड़ में द्रंग के अमन ने पहला, बल्ह के सुशील ने दूसरा और सदर के विकास ने तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग की तीन हजार मीटर की दौड़ में चौंतडा की समीक्षा ने पहला, बल्ह की एश्वर्या ने दूसरा और चौंतडा की तमन्ना ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरूष वर्ग की पांच हजार मीटर दौड़ में चौंतड़ा के सावन ने पहला, धर्मपुर के अक्षय ने दूसरा और चौंतडा के सुनील ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार महिला वर्ग की पांच हजार मीटर दौड़ में द्रंग की सोनिया ने पहला, चौंतड़ा की निशा ने दूसरा और चौंतड़ा की कृष्णा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन मौके पर एडीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता खिलाडि़यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी अब 27 दिसंबर को धर्मशाला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस मौके एडीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं का सर्वांगिण विकास होता है। उन्होंने इस तरह की प्रतियोगिता को आयोजित करने के लिये खेल विभाग और सभी कोच का आभार जताया।