मुंबई (एमबीएम न्यूज): बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान ने दिलवाले को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण चित्रपट कर्मचारी सेना (मनसे) द्वारा फिल्म के बहिष्कार को लेकर किए गए बयानों पर टिप्पणी की है। शाहरूख का कहना है कि वह सिर्फ इतना चाहते हैं कि उनकी फिल्म के साथ सबकुछ अच्छा हो। उन्होंने कहा कि फिल्म रिलीज होने से पहले केवल इस बारे में सवाल पूछे जाने चाहिए, क्योंकि फिल्म में व्यस्तता के चलते ओर चीजों को समझना मुश्किल होता है।
यह टिप्पणी किंग खान ने मनसे द्वारा किए गए उस बयान पर की, जिसमें लोगों से फिल्म के बहिष्कार करने को कहा गया था। मनसे ने कहा था कि महाराष्ट्र के किसान सूखे की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान इस राज्य में रहते हैं और उन्होंने खूब धन भी कमाया है। बावजूद इसके मुश्किल में किसानों की मदद नहीं की। उन्होंने लोगों से दिलवाले फिल्म का बहिष्कार करने की अपील की थी।
शाहरूख की टिप्पणी के पश्चात एक बार फिर महाराष्ट्र नवनिर्माण चित्रपट कर्मचारी सेना के अमेय खोपकर का कहना था कि वह फिल्म पर प्रतिबंध की बात नहीं कर रहे थे, अपितु लोगों से फिल्म के बहिष्कार की मांग कर रहे थे क्योंकि शाहरूख महाराष्ट्र से संबंध रखने के बावजूद किसानों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे थे, जबकि उन्होंने चेन्नई बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए एक करोड़ की सहायता दी थी।
गौरतलब हो कि आगामी शुक्रवार 18 दिसंबर को बॉलीवुड की सबसे रोमांटिक जोड़ी काजोल-शाहरूख की फिल्म दिलवाले रिलीज हो रही है। फिल्म का निर्माण रोहित शेट्टी व गौरी खान द्वारा किया जा रहा है। हास्य फिल्म में वरुण धवन व कृति सेनन ने भी अभिनय किया है।