नाहन (एमबीएम न्यूज): हिमाचल प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने पच्छाद विकास खंड के जामन की सैर पंचायत प्रधान पद का नामांकन दाखिल कर दिया है। 30 साल से भंडारी का इस पंचायत में वर्चस्व कायम है। भंडारी अपनी पार्टी का बड़ा चेहरा हैं। तीन साल तक भंडारी पार्टी के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 1985 में पहली बार भंडारी इस पंचायत से प्रधान बने थे। उस वक्त बीडीसी का सदस्य भी प्रधान ही होता था। पहली बार में ही वह बीडीसी के उपाध्यक्ष भी बने।
1990 में भंडारी दोबारा प्रधान व बीडीसी सदस्य बने। 1995 में भाजपा नेता अपने क्षेत्र से बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुए। 2000 के चुनाव में बलदेव भंडारी को जामन की सैर से फिर पंचायत प्रधान चुना गया। 2005 में बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुए। पिछले चुनाव में बलदेव भंडारी ने आसानी से पंचायत प्रधान का चुनाव दोबारा जीता। इस पंचायत में पांच वार्ड हैं। एमबीएम न्यूज से बातचीत करते हुए भाजपा नेता बलदेव भंडारी ने कहा कि 30 साल में जामन की सैर को आदर्श पंचायत बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल उन्हें हराने के लिए हर संभव कोशिश करता है, लेकिन मतदाता हमेशा सर्वोपरि रहते हैं।