सोलन, 8 जनवरी : कुमारहट्टी बाइपास पर राष्ट्रीय उच्च मार्ग नंबर 5 पर बनी नई बनी टनल के नजदीक खाई में करीब 200 से 300 मरे हुए मुर्गे मिले हैं। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। लगातार तीसरे दिन मृत मुर्गे के मिलने से दहशत लाज़मी है। पशुपालन विभाग बीते दो दिन से मृत मुर्गों के सैम्पल्स की रिपोर्ट के इंतजार में है।तीसरे दिन भी भारी संख्या में मृत मुर्गे मिलने से हर कोई हैरान है।
अहम बात ये भी है कि प्रशासन ने बीते कल से कुक्कट, अंडे व अन्य मास ले जा रही गाड़ियों पर रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक प्रतिबन्ध लगाया है। इसके बावजूद इस तरीके से भारी मात्रा में मरे हुए मुर्गे मिलना चिंता का विषय भी है।
वही एक पहलू यह भी है कि क्या यह मुर्गे बीती रात ही फेंके गए हैं या कुछ दिन पहले। सूचना मिलने के बाद पशुपालन विभाग धर्मपुर व् सोलन की टीम ने मौके पर पहुंच जायजा लिया। मरे हुए मुर्गो के सैम्पल जांच के लिए जालंधर भेजे जाएंगे।
गौरतलब है कि कालका- शिमला हाईवे पर बुधवार व गुरुवार को चक्की मोड के साथ लगते क्षेत्र में भारी मात्रा में मरे हुए मुर्गे मिले थे। इसके बाद जिला प्रशासन की टीम द्वारा मुर्गों को प्रोटोकॉल के तहत दबा दिया गया था।