कुल्लू (एमबीएम न्यूज़): कुल्लू जीवन के रहस्यों पर आधारित दर्शन ग्रंथ ‘एक जोगन ज़िदगी’ शीघ्र प्रकाशित होगा। इस महत्त्वपूर्ण ग्रंथ का प्रकाशन हिमतरू प्रकाशन कुल्लू द्वारा किया जा रहा है जबकि मुख्य लेखक चर्चित लेखक एवं रहस्यमयी दुनिया के महानायक सैन्नी अशेष हैं। इस विशेष दर्शन ग्रंथ में ईश्वर: नि:शब्द की आत्मकथा, कृष्ण, बुद्ध, जे कृष्णमूर्ति, ओशो, अम्बेडकर, दलाईलामा, जीवन-मृत्यु और पुनर्जन्म, संसार, संन्यास और मोक्ष, साहित्य, ज्ञान और दर्शन पर लेखक द्वारा विस्तार से प्रकाश डाला गया है।
हिमतरू प्रकाशन समिति के सचिव किशन श्रीमान ने जानकारी दी कि दर्शन ग्रंथ के लेखक सैन्नी अशेष छुटपन से लेकर अब तक निरंतर लिखते आ रहे हैं। इनका बहुआयामी लेखन सर्वविदित है। अशेष इनकी कहानियां, आलेख और उपन्यास जीवन-विकास का अनोखा और स्तब्ध करने वाला स्वरूप प्रस्तुत करते हैं। इनके हज़ारों आलेख अनूठी कथाशैली में रचे गए हैं। बच्चों के लिए आठ भाषाओं में प्रकाशित इनकी ढाई हज़ार कहानियां एक विश्व रिकार्ड माना जाता है, जिसके लिए उन्हें ‘आवारा मसीहा’ के महान रचनाकार विष्णु प्रभाकर द्वारा सर्वश्रेष्ठ बालकथाकार के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अशेष ने उपन्यास शैली में सिद्धार्थ गौतम बुद्ध, लाओत्सु, बोधिधर्म, ओशो रजनीश, जे. कृष्णमूर्ति, ख़लील जिब्रान और डीएच लारेंस की जीवनियां लिखी हैं। किशन श्रीमान ने बताया कि हिमतरु प्रकाशन द्वारा प्रकाशय यह औपन्यासिक विधा में दर्शन और सृष्टि-रहस्यों पर आधरित एक ऐसा वृहद ग्रंथ है, जो आज के युग और मानस के लिए सुबोध, रोचक एवं प्रेरक और स्थायी महत्त्व का होगा।