सोलन, 8 दिसम्बर : हिमाचल प्रदेश में नगर निगम और नगर निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बीच नगर निगम सोलन के 17 वार्डों में से 7 वार्ड महिलाओं के लिए एवं 2 वार्ड महिला अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। डीसी सोलन केसी चमन ने नगर निगम निर्वाचन के दृष्टिगत नगर निगम सोलन के वार्डों के आरक्षण के सम्बन्ध में यह अधिसूचना जारी की है।
शहर का वार्ड नम्बर-7 तथा वार्ड नम्बर-16 अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। सोलन का वार्ड नम्बर-2, 3, 4, 6, 10, 12 तथा 15 महिलाओं के लिए आरक्षित है। जिस तरह से वार्डो का आरक्षण हुआ है मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है। इन वार्डो के आरक्षित होने से कई लोगो के चेहरे खिले हैं वहीं इस रोस्टर ने कुछ लोगों के चेहरो की हवाइयां उड़ा दी।
अगर महिला आरक्षित वार्डों की बात करें तो नगर निगम के इन चुनावो में महिलाएं भी पुरुषों से कम नहीं हैं। रोस्टर जारी होने के बाद से ही महिलाओं ने अपने अपने वार्डों में ताल ठोकनी शुरू कर दी है। महिलाओं के इस दमखम को देखते हुए यह क्यास लगाया जा सकता है कि पहली बार नगरनिगम पर महिला ही राज करेगी। सूत्रों के मानें तो आरक्षित महिला वार्डों में से वार्ड नम्बर 2 से भाजपा की तरफ से वर्तमान पार्षद सुषमा अपने आप को सुरक्षित मान कर चल रही हैं, वहीं मैदान में शांता ठाकुर, रशिमधर सूद भी मैदान में आ सकती हैं। कांग्रेस की तरफ से शम्मी साहनी, वरमानी और मीनाक्षी अपना भाग्य अजमा सकती है।
वार्ड नम्बर-3 से वर्तमान पार्षद पार्वती तनवर की सीट को सुरक्षित समझा जा रहा है। भाजपा की तरफ से पूर्व पार्षद मंजू जंगीलाल को मैदान में उतरा जा सकता है।
वार्ड नम्बर-4 से वर्तमान में भाजपा से पार्षद स्वाति के साथ इस बार शकुंतला शर्मा व राकेश शर्मा भी टिकट की दौड़ में मानी जा रही हैं, जबकि कांग्रेस रीता ठाकुर या पूर्व पार्षद राजीव ठाकुर की धर्मपत्नी को भी मैदान में उतार सकती है।
सबसे ज्यादा हॉट सीट मुकाबला माने जाने वाले वार्ड नम्बर-6 में से भाजपा पिंकी भुटानी, प्रियंका मित्तल, सुधा मित्तल एवं रेखा साहनी में से किसी भी एक पर दाव खेल सकती है, वहीं वर्तमान पार्षद सत्या वर्मा के इस बार चुनाव में रुख साफ न होने पर कांग्रेस से शीतल गुप्ता, ललिता पराशर, ज्योति सोनी में से किसी एक को अपना प्रत्याशी बना सकती है।
वार्ड नम्बर-10 महिला रिजर्व होने से सूद परिवारों में मुकाबला होने की अटकलें लगाई जा रही है। जहां एक तरफ भाजपा की पूर्व पार्षद इंदु सूद खुश हैं वहीं कांग्रेस की तरफ से कांग्रेस शहरी अध्यक्ष अंकुश सूद की धर्म पत्नी ईशा सूद की टिकट पक्की मानी जा रही है। वार्ड नम्बर-12 में भाजपा के लिए विजेता उम्मीदवार वर्तमान में वार्ड की पार्षद मधु कौशिक साबित हो सकती है, वहीं कांग्रेस ऊषा शर्मा के पाले में बॉल फेंक सकती है।
वार्ड नम्बर-15 से भाजपा से रिया शर्मा, पूजा हांडा और सरिता ठाकुर में से किसी एक को अपना प्रत्याशी बना सकती है। उधर, कांग्रेस की तरफ से इस बार मैदान में सहमति से मंजू या कोटलानाला के भगनाल परिवार से कोई भी देवदार हो सकता है। अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित वार्ड नंबर-7 से भाजपा की तरफ से सोना नाहर और कांग्रेस की तरफ से पूर्व पार्षद भूषण की धर्मपत्नी, वार्ड नम्बर-16 में भाजपा वार्ड नंबर-1 की पार्षद नीलम सोपाल पर दाव खेल सकती है। वहीं सपना कोंडल, रीना कोंडल, रीना कुमारी भी भाजपा की कर्मठ कार्यकर्ता हैं।
उधर, कांग्रेस की तरफ से पंचायत सदस्य वीना चौहान का नंबर सबसे ऊपर है। इन सब मे सबसे ऊपर वार्ड नंबर 13 से पांच बार जीत दर्ज करवा चुकी पार्षद मीरा आनंद का नाम नगरनिगम के मेयर के लिए सबसे आगे है यह सिर्फ अनुमान ही लगाया जा रहा है कि शहर में इन महिलाओं के साथ-साथ कई और नाम भी चर्चा में शामिल हैं। इसको अन्यथा न ले कोई भी पार्टी किसी को भी अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। हलांकि महिला आरक्षित वार्डों से कई भी महिला ओपन खड़ी होकर अपना भाग्य आजमा सकती है।