शिमला 13 नवंबर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस बार अपने गृह क्षेत्र बिलासपुर में दिवाली मनाने नहीं आएंगे। उनका हिमाचल दौरा स्थगित हो गया है। प्रदेश भाजपा ने उनका बिलासपुर आगमन का कार्यक्रम स्थगित होने की पुष्टि की है।
बिहार चुनाव में एनडीए को शानदार जीत दिलाने के बाद नड्डा 14 नवम्बर को दिवाली पर घर आ रहे थे। हिमाचल भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत की जगह-जगह तैयारियां की जा रहीं थीं औऱ होर्डिंग लगाए जा रहे थे। बिहार विधानसभा चुनाव में विजय के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने भी नड्डा की पीठ थपथपाई है। जिससे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।
नड्डा का 14 को दिल्ली से वायु मार्ग से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से बिलासपुर स्थित लुहणू मैदान और उसके बाद सर्किट हाउस बिलासपुर पहुंचने का कार्यक्रम था। बिलासपुर प्रवास के दौरान उन्होंने वहां निर्माणाधीन एम्स का निरीक्षण भी करना था। भाजपा के सभी प्रमुख नेता भी उनके स्वागत के लिए बिलासपुर जाने की तैयारी कर रहे थे। अचानक उनका दौरा टलने तथा सभी कार्यक्रम रद्द होने की वजह से भाजपा समर्थक मायूस हैं।