हमीरपुर, 7 नवंबर : हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) डिपो हमीरपुर ने दिल्ली के लिए एक और रूट शुरू किया है। 7 नवंबर से शाम 6:30 मिनट पर बस हमीरपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी। बस की वापसी का समय दिल्ली से 7:40 मिनट शाम रहेगा। दिल्ली के लिए लगातार हो रही बस सेवाएं बहाल करने की मांग के बाद अब बस सेवाओं की सुविधा सुचारू की जा रही है। इससे पहले भी दो बसें दिल्ली रूट पर चल रही हैं।
बता दें कि एचआरटीसी डिपो हमीरपुर ने चंडीगढ़, हरिद्वार के बाद अब दिल्ली के लिए भी बस सेवा शुरू बहाल की है। बीते मंगलवार को भी दो रूट बहाल किए गए थ। हमीरपुर से दिल्ली वाया धनेटा बस शाम 5:20 बजे बस अड्डा हमीरपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो रही है। यह यात्रियों को रात साढ़े तीन बजे के करीब दिल्ली पहुंचा रही है। बस उसी दिन दिल्ली से रात 9:20 बजे हमीरपुर के लिए लौटती है तथा यात्रियों को सुबह साढ़े सात बजे के करीब हमीरपुर उतारती है।
इसी कड़ी में एक और रूट बहाल किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर से दिल्ली वाया अवाहदेवी बस शाम तीन बजे बस अड्डा हमीरपुर से चल रही है। अवाहदेवी से साढ़े चार बजे दिल्ली के लिए रवाना होने वाली यह बस बस्सी, उखली, बड़सर होकर सुबह साढ़े पांच बजे के करीब दिल्ली पहुंचती है तथा इसी दिन शाम सात बजे दिल्ली से उसी रूट होते हुए सुबह साढ़े सात बजे हमीरपुर पहुंच रही है।
दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू होने से लोगों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि उन्हें चंडीगढ़ से बस बदलकर दिल्ली पहुंचना पड़ रहा था। अब वह हमीरपुर से सीधे दिल्ली ही उतरेंगे। ऊपर से त्योहारी सीजन होने के चलते निगम की बसों में भी यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते निगम भी घाटे से उबरने में लगा हुआ है, ताकि कुछ हद तक रूटों पर कमाई हो सके।