शिमला, 28 अक्तूबर : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के हिमाचल को गांजे का प्रदेश बताने के बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि हिमाचल देव भूमि व वीर भूमि है तथा उद्धव ठाकरे को हिमाचल का इतिहास पढ़ना चाहिए। यह फौजियों का प्रदेश है। सुरेश कश्यप बुधवार को पार्टी कार्यालय चक्कर में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं होते हैं पर भारतीय जनता पार्टी पंचायत चुनावों के लिए तैयार है। ज्यादा से ज्यादा पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीत कर आए इस प्रकार का प्रयास भाजपा कर रही है।
पूर्व भाजपा सांसद राजन सुशांत के नए राजनीतिक दल के गठन पर सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल में तीसरे फ्रंट का कोई प्रभाव नहीं है और ऐसे प्रयास पहले भी हो चुके हैं जो फेल हुए हैं। सुरेश कश्यप ने मंडी, सोलन व पालमपुर नगर परिषद को स्तरोन्नत कर नगर निगम बनाने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया और कहा कि नगर निगम बनने से इन शहरों के लोगों का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि मंडी, सोलन तथा पालमपुर के नगर निगम बनने से ये शहर, शहरी विकास के लिए विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं के लिए भी पात्र होंगे, जिससे इन क्षेत्रों के विकास के लिए अधिक धनराशि उपलब्ध होगी तथा लोगों को रोज़गार के भी अधिक अवसर मिलेंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इन तीन नगर निगमों में शामिल क्षेत्रों में भूमि और भवनों को तीन साल की अवधि के लिए टैक्स में छूट देने का भी निर्णय लिया गया है। इससे इन क्षेत्रों के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। सुरेश कश्यप ने कहा कि सरकार ने जहां ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धन लोगों के लिए मनरेगा जैसी रोजगारन्मुखी योजनाएं शुरू की हैं वहीं शहरी क्षेत्रों के बेरोजगार व गरीब लोगों के लिए भी इसी तर्ज पर शहरी रोजगार गारंटी योजना शुरू की गई है। इससे ऐसे लोगों को विशेष लाभ होगा जो इन क्षेत्रों में शामिल किए गए हैं। पत्रकारों के सवालों का उत्तर देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नए भाजपा कार्यालय बनने से भाजपा की शक्ति को बल मिलेगा जिससे कांग्रेसी पार्टी घबराई है।