रोनहाट, 02 अक्तूबर : शिलाई विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के अंदर इन दिनों सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। पार्टी के नेताओं के बीच आपसी सियासी लड़ाई के चलते कार्यकर्ता भी असमंजस में पड़ गए है।
हिमाचल (Himachal) में पंचायतों और स्थानीय निकाय के चुनाव करीब आ गए है। ऐसे में सियासी गलियारों में कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह भी चर्चा का विषय बनी हुई है। लादी महल क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा रोनहाट के पीडब्लूडी रेस्ट (PWD rest) हाउस में गुपचुप तरीके से एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के करीब 3 दर्जन कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में उपस्तिथ कार्यकर्ताओं ने बताया कि दिग्गज नेताओं में निजी वर्चस्व की लड़ाई के चलते लादी क्षेत्र में कांग्रेस को नुकसान हो रहा है। क्षेत्र में अगर कोई कार्यक्रम होता है तो पहले एक नेता अपनी उपस्थित दर्ज करवाता है और फिर उसके वहाँ से चले जाने के बाद दूसरा नेता उसी कार्यक्रम में शामिल होता है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि ऐसा करके जहाँ एक तरफ कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है वहीँ दूसरी तरफ पार्टी में भी असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है। गौर हो की इन दोनों दिग्गज नेताओं में एक नेता विधायक होने के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस पार्टी में उपाध्यक्ष है और दूसरे नेता ज़िप अध्यक्ष होने के साथ प्रदेश कांग्रेस पार्टी में सचिव के पद पर तैनात है।
बैठक में मौजूद पनोंग, जरवा-जुनैली, बिन्दौली, अजरोली, कोटिबोंच, गत्ताधार, हलाहां, नैनीधार, झकांडो, द्राबिल, शंखोली, रास्त आदि ग्राम पंचायतों के दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओ ने बताया कि दोनों नेताओं को जनता ने अपना बहुमत देकर जन-प्रतिनिधि बनाया है। एक नेता को हिमाचल प्रदेश की विधानसभा में पहुँचाया है तो दूसरे नेता को सिरमौर जिला में प्रतिनिधित्व का मौका दिया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि नेताओं को बैठक में एकसाथ बिठा कर स्थिति स्पष्ट करवाई जाएगी। इसके अलावा पंचायतों के आगामी चुनाव में भी पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को मजबूत करने पर लोगों द्वारा चर्चा की गई।
लिहाजा शिलाई क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी से भाजपा को अप्रत्यक्ष लाभ मिलता दिखाई दे रहा है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी इस मौके का फायदा उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। ग्राम पंचायतों में जिताऊ उम्मीदवारों की पहचान की जा रही है। कांग्रेस पार्टी से नाराज लोगों को भारतीय जनता पार्टी में मिलाकर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उधर, इस मामले के विषय में शिलाई ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सीता राम शर्मा ने बताया कि पार्टी में सब कुछ ठीक चल रहा है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी पहले के मुकाबले अब ज्यादा मजबूत हुई है। रोनहाट में आयोजित बैठक के बारे में फिलहाल उन्हें कोई जानकारी नहीं है।