शिमला, 15 सितम्बर : हिमाचल प्रदेश में कोरोना अब बेकाबू हो गया है। कोरोना की लगातार बढ़ रही रफ्तार ने प्रदेश के लोगों में भय पैदा कर दिया है। राज्य में मंगलवार को 8 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ा। प्रदेश में पहली बार एक दिन में कोरोना से इतनी मौतें हुई हैं। इसके अलावा कोरोना के आज 419 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। हालांकि 250 कोरोना मरीज उपचार के बाद स्वस्थ भी हुए हैं। कोरोना से आज मंडी जिला में 3, कांगड़ा में 2 और शिमला, सोलन व ऊना में एक-एक मरीज की जान गई। मृतकों में एक महिला और सात पुरूष शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। मंडी में 60 साल, 56 साल और 49 साल के पुरूष, कांगड़ा में 53 साल के पुरूष और 80 साल की महिला, ऊना में 55 साल के पुरूष, शिमला में 59 साल के पुरूष और सोलन में 58 साल के पुरूष की मृत्यु हुई।
ज्यादातर मृतक कोरोना के अलावा अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रसित थे। प्रदेश के मंडी जिले में लगातार दूसरे दिन कोरोना पॉजिटिव मामलों का शतक लगा। इस जिले में 121 लोग कोरोना से संक्रमित निकले। इसके अलावा सोलन में 87, सिरमौर में 60, शिमला में 44, कांगड़ा में 36, ऊना में 35, बिलासपुर में 16, हमीरपुर में 8, कुल्लू में 7 और चंबा में 5 नए मामलों की पुष्टि हुई है।
आज जिन 250 लोगों ने कोरोना से जंग जीती, जिसमें सर्वाधिक 59 लोग हमीरपुर से ठीक हुए। इसी तरह मंडी से 44, बिलासपुर व चंबा से 26-26, ऊना से 24, कांगड़ा व कुल्लू से 19-19, सिरमौर से 17, सोलन से 14 और किन्नौर से 2 लोग स्वस्थ हुए।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 10335 पहुंच गया है। इनमें एक्टिव मामले 3801 हैं। अब तक 6417 लोग कोरोना से स्वस्थ हुए हैं। सोलन सर्वाधिक 2359 पॉजिटिव केसों के साथ सूची में पहले स्थान पर है। कांगड़ा में संक्रमितों का आंकड़ा 1557, सिरमौर में 1319, मंडी में 1030, ऊना में 906, हमीरपुर में 746, चंबा में 644, शिमला में 676, बिलासपुर में 543, कुल्लू में 395, किन्नौर में 121 और लाहौल-स्पीति में 29 है।