शिमला 15 सितम्बर : हिमाचल विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष व कांग्रेस विधायक रहे रामनाथ शर्मा का मंगलवार को पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। कुछ समय से वह बीमार चल रहे थे और पिछले तीन सप्ताह से पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। दिन में 11 बजे के करीब उन्होंने आखिरी सांस ली।
बुुधवार को 12 बजे ऊना जिले के कुटलैहड़ स्थित पैतृक गांव बरनोह में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से कुटलैहड़ में मातम छा गया है। रामनाथ शर्मा काफी समय तक राजनीति में सक्रिय रहे। वे दो बार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गये और प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे। उनके पुत्र विवेक शर्मा भी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने टवीट में कहा है कि विस उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा के निधन की खबर सुनकर काफी दुख हुआ हैं वह एक जुझारू राजनेता थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोकग्रस्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।