शिमला, 5 सितम्बर : हिमाचल प्रदेश में तेजी से फैल रहे जानलेवा कोरोना वायरस ने एक बार फिर राज्य सचिवालय में दस्तक दी है। कोरोना ने राज्य सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग तथा बहु-उद्देश्यीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा) राम सुभाग सिंह को भी अपनी चपेट में ले लिया है। वह हाल ही में दिल्ली से वापिस आए हैं। उनके कोरोना संक्रमित पाए जाने से अफसरशाही में हड़कंप मच गया है और कुछ आला अफसर क्वारेंटीन हो गये हैं जो सरकारी बैठकों में नियमित रूप से शामिल हो रहे थे। राम सुभाग सिंह के पाॅजिटिव आने से उनकी पत्नी व अतिरिक्त मुख्य सचिव निशा सिंह क्वारेंटीन में हैं। इसके अलावा वरिष्ठ आईएएस अमिताभ अवस्थी और आबिद हुसैन सिद्वकी ने भी स्वयं को क्वारेंटीन कर लिया है।
राज्य सरकार ने राम सुभाग सिंह समेत तीन अन्य आला अधिकारियों के कार्यभार अन्य आईएएस को सौंप दिए हैं। इस संबंध में आज शाम अधिसूचना जारी हुई है। शिमला में पर्यटन निगम के एक होटल का कुक भी कोरोना संक्रमित आया है। राज्य में कोरोना लगातार वीवीआईपी को अपनी चपेट में ले रहा है। चंद दिन पहले जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी कोरोना पाॅजिटिव निकले थे। नालागढ़ के कांग्रेस विधायक लखविंद्र राणा की रिपोर्ट भी आज पाॅजिटिव आई है।
कोरोना मामले बढ़ने से सरकार द्वारा प्रस्तावित विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर चिंता बढ़ गई है। एक दिन बाद 7 सितंबर से विस का मानसून सत्र शुरू हो रहा है, जो कि 18 सितंबर तक चलेगा। हालांकि विस सचिवालय का दावा है कि विस परिसर में कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए पूरी तैयारियां की गई हैं।