नाहन (एमबीएम न्यूज): हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दो दिवसीय प्रवास पर कुछ देर पहले संगड़ाह के माईनाबाग हैलीपैड पर लैंड कर गए हैं। यहां पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. प्रेम सिंह स्पोर्टस मैमोरियल का शिलान्यास किया है। 77 लाख रुपए की लागत से यह स्टेडियम माईनाबाग में निर्मित होगा। गौरतलब है कि रेणुका विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत कांग्रेसी नेता डॉ. प्रेम सिंह का निधन कुछ वर्ष पहले हो गया था।
ताउम्र डॉ. प्रेम सिंह की निष्ठाएं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ जुड़ी रहीं। मौजूदा में रेणुका हलके के विधायक व मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार कांगे्रस के दिवंगत नेता डॉ. प्रेम सिंह के सुपुत्र हैं। मुख्यमंत्री का काफिला माईनाबाग से ददाहू के लिए रवाना हो चुका है। यहां मुख्यमंत्री को डेढ़ बजे के आसपास देव पालकियों का अभिनंदन करना है। साथ ही शोभायात्रा के साथ अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका मेले का शुभारंभ हो जाएगा।