ऊना, 08 अगस्त : उपमंडल की ग्राम पंचायत जबेहड़ के गांव मझार में करीब 28 वर्षीय एक महिला ने जल शक्ति विभाग के पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली है। मृतका की पहचान इंदु बाला पत्नी विनोद कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे से घर से गायब थी। जिसके चलते उसके ससुराल वालों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब डेढ़ बजे जब वे उसे ढूंढते हुए घर से थोड़ी दूर ही स्थित जल शक्ति विभाग के पानी के टैंक के पास पहुंचे तो वे महिला को औंधे मुंह पानी में पड़े हुए देखकर दंग रह गए और उन्होंने शोर मचाया।
इस पर स्थानीय लोग उनका शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और महिला को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डीएसपी अम्ब मनोज जम्वाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मझार निवासी एक महिला का शव पानी के टैंक में मिला है। महिला के मौत के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।