नाहन, 02 अगस्त: क्या नाहन विधानसभा क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरण बनेंगे। यह सवाल, आज कुछ कारणों ने उठ खड़ा हुआ है। इसकी शुरूआत कौलावालांभूड मार्ग पर मझाड़ा नदी के पुल से हुई है। दरअसल, पुल के निर्माण में कुछ अधूरे कार्यों को लेकर विधायक के विरोधी रहे विनोज शर्मा मौके पर पहुंच गए। बाकायदा, लोगों को संबोधित भी किया।
शाम ढलते-ढलते नाहन भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने एक प्रेस विज्ञप्ति में इसे कांग्रेस के छुटभैये नेता की नौटंकी करार दिया। यही नहीं, विधानसभा क्षेत्र के पुलों व सड़कों का श्रेय डॉ. राजीव बिंदल को दिया। प्रताप ठाकुर ने कहा कि डॉ. बिंदल ने ही 25 किलोमीटर की पदयात्रा की थी, तब जाकर कांग्रेस सरकार की आंख खुली थी। प्रताप ठाकुर ने सख्त शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अब फसल बटेरू नाचने लगे हैं। जिस विनोज शर्मा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निकाल दिया गया था, आज वो चंद कांग्रेसियों के साथ मिलकर उस पुल को पूरा करने की बात कर रहे हैं।
ठाकुर का यह भी कहना था कि अगर वो बड़े नेता हैं तो कांग्रेसी नेता का नाम लेकर पुल का कार्य करवाते, न की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का नाम लेते। उनका कहना था कि कौलावालांभूड के मझाड़ा पुल का कार्य भी विधायक ही पूरा करवाएंगे, लिहाजा जिन लोगों को उकसाया गया है, वो समझ जाएं कि ओच्छी राजनीति करने वाले न कभी समाजसेवा कर सकते हैं, न ही पुल बना सकते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि लंबे अरसे से विधायक डॉ. राजीव बिंदल व विनोज शर्मा के बीच छत्तीस का आंकड़ा है।
बता दें कि पुल पर आज विनोज शर्मा के संबोधन को फेसबुक लाइव किया गया। इसके बाद लाजमी तौर पर प्रतिक्रिया बीजेपी की होनी ही थी। कुल मिलाकर बीजेपी की विनोज शर्मा पर तल्ख टिप्पणी कई संशय पैदा कर रही है।
https://www.facebook.com/partap.thakur.14418/videos/992081061211372