शिमला, 28 जुलाई : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कोरोना वायरस टैस्ट की रिपोर्ट एक बार फिर नेगेटिव आई है। सेल्फ क्वारंटाइन में चल रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मंगलवार को दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। सप्ताह के भीतर दो बार मुख्यमंत्री के कोरोना टैस्ट हुए हैं। पहली रिपोर्ट गत बुधवार को नेगेटिव आई थी। दरअसल पिछले सप्ताह सचिवालय में मुख्यमंत्री के उप सचिव पाॅजिटिव पाए गए थे। इसके बाद सचिवालय में हड़कंप मच गया और मुख्यमंत्री अपने तमाम कार्यक्रम रद्द कर सेल्फ क्वारंटाइन में चले गए।
हालांकि इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री का कोरोना टैस्ट हुआ, जिसकी रिपोर्ट देर रात नेगेटिव आई। इसके बाद एहतियात के तौर पर पांचवे दिन बाद फिर उनका कोरोना का टैस्ट लिया गया था। सचिवालय में उप सचिव के बाद यहां की एक महिला कर्मी की रिपोर्ट भी पाॅजिटिव आई है। मंडी जिला से ताल्लुक रखने वाले एक युवा भाजपा नेता के सचिवालय में आने से उप सचिव संक्रमित हुए थे। ऐसे में सचिवालय में हड़कंप का माहौल है और पूरी एहतियात बरती जा रही है। सचिवालय में किसी बाहरी व्यक्ति को बिना परमिट के प्रवेश की अनुमति नहीं है। विभागीय काम से सचिवालय आने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य कर दिया गया है।