सुंदरनगर: हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी(Retired army man)ने हरियाणा के पंचकूला में अपने किराए के कमरे में खुद को गोली मारी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर इस दिल दहला देने वाले कदम के पीछे का कारण घरेलू परेशानी बताया जा रहा है। घायल फौजी को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़(PGI Chandigarh) में भर्ती किया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार घायल सुरजीत सिंह प्रदेश के सरकाघाट तहसील के गांव दवारडू ग्राम पंचायत जंजहैल डाकघर गरबासड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है। सुरजीत सिंह फौज से रिटायर हुआ है।
सुरजीत सिंह हरियाणा के पंचकूला के एमडीसी के भैंसा टिब्बा में किराए पर रहता था और सेक्टर-7 में एटीएम में सिक्योरटी गार्ड था। वहीं उसने शुक्रवार को अपनी गन से खुद को गोली मार दी। इस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पंचकूला से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। उधर मामले के जांच अधिकारी ने कहा कि पूर्व फौजी घरेलू परेशानी के चलते डिप्रेशन में था और परिवार से भी बात नहीं करता था। उन्होंने कहा कि फौजी ने खुद को गोली मारी है या अन्य और कोई कारण है इसका सुरजीत के होश में आने के बाद ही पता चलेगा।