शिमला : हिमाचल में कोरोना के हमले जारी हैं। चार जिलों में शनिवार को 16 नए मामले सामने आने पर कोरोना का आंकड़ा 500 पार कर गया है। अब प्रदेश में कुल मामले 502 हो गए हैं। राहत वाली बात यह है कि 309 मरीज ठीक भी हुए हैं तथा अस्पतालों में भर्ती एक्टिव मरीजों की संख्या 176 है। आज 16 मरीज कोरोना से जंग जीतने में कामयाब रहे। विचलित करने वाली बात यह है कि कोरोना के मामले हर रोज दर्ज किए जा रहे हैं। सबसे बड़े जिला कांगड़ा में आज कोरोना के सबसे ज्यादा 16 मामले दर्ज किए गए।
वहीं सुरक्षित नजर आ रही राजधानी शिमला में भी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। शिमला में एक परिवार के चार लोग पाॅजिटिव पाए गए। ये सभी होम क्वारंटाइन में हैं और दिल्ली से वापिस लौटे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पाॅजिटिव पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आने से ये वायरस की चपेट में आए हैं। जिस मकान में ये परिवार रह रहा है, वो पहले से ही पुलिस के पहरे में है। इन मामलों को मिलाकर शिमला में संक्रमण के मामले 19 हो गए हैं। कांगड़ा जिला में दो बच्चों सहित 10 लोग पाॅजिटिव पाए गए हैं। इनका भी यात्रा इतिहास दूसरे राज्यों का है।
कांगड़ा अब हमीरपुर को पछाड़कर कोरोना मामलों में पहले स्थान पर पहुंच गया है। कांगड़ा में संक्रमण का आंकड़ा 138 पहुंच गया है। हमीरपुर में आज कोई भी नया मामला दर्ज नहीं हुआ। अब तक हमीरपुर में कोरोना का आंकड़ा 131 है। सिरमौर और सोलन जिलों में भी एक-एक नए मामले की पुष्टि हुई है। पहली जून को अनलॉक लागू होने से हिमाचल में मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 31 मई को 331 मामले थे। इस तरह अनलॉक के 13 दिनों में 171 नए मामलों की पुष्टि हुई है। सबसे ज्यादा मामले कांगड़ा जिला में बढ़े हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा रात 9 बजे जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक 16 नए मामलों के साथ इतने ही मरीज आज ठीक भी हुए। हमीरपुर में 4, कांगड़ा व सिरमौर में 3-3, मंडी व चंबा में 2-2, बिलासपुर व ऊना में 1-1 मरीज स्वस्थ हुआ। इस तरह कुल 309 मरीजों के ठीक होने से रिकवरी दर 61 फीसदी है। राज्य में अब तक 52734 लोगों में कोरोना की जांच हुई है। इनमें आईजीएमसी शिमला में 1 हजार टैस्ट हुए हैं।