शिमला : कोरोना संकट के बीच हिमाचल भाजपा में धड़ाधड़ नियुक्तियों का दौर चल रहा है। गुजरे तीन दिन में भाजपा ने अपने पांच मोर्चों का विस्तार करते हुए 200 से अधिक पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों की ताजपोशियां की हैं। कोरोना के कहर के बीच संगठन में विस्तार के इस क्रम के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश भाजपा नेताओं में अपने करीबियो को तरजीह देने की होड़ लगी है। हालांकि भाजपा की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में यह दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, व संगठन मंत्री पवन राणा से विस्तृत चर्चा के उपरांत मोर्चों के अध्यक्षों ने अपनी-अपनी टीम की घोषणा की है।
राज्य में कोरोना को लेकर हालात दिन-प्रतिदिन विस्फोटक हो रहे हैं तथा सतारूढ़ भाजपा सरकार कोरोनो से निपटने की हर संभव कोशिशों में जुटी है। सरकार इस बात को स्पष्ट कर चुकी है कि उसकी पहली प्राथमिकता कोरोना के कहर से प्रदेशवासियों को बचाना है। ऐसे में भाजपा संगठन में एकाएक ताजपोशियों का दौर शुरू हो जाना अचंभित करने वाला है। सोमवार को भाजपा की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों का ऐलान किया। प्रदेश पदाधिकारियों में पांच उपाध्यक्ष, दो महासचिव, पांच सचिव, एक सोशल मीडिया एवं आईटी प्रभारी, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय सचिव बनाया गया है। इसके अलावा 17 जिला अध्यक्ष भी तैनात किए गए हैं।