शिलाई : बाहरी राज्यों से हिमाचल लौट रहे लोगों की पहचान के लिए सिरमौर पुलिस ने अन्तर्राज्य सीमाओं पर अब पक्की स्याही से चिन्हित करने की नई मुहीम शुरू की गई है। ऐसा माना जा रहा है कि क्वारंटाइन तोड़ने वाले लोगों पर अब नजर रखना और आसान हो जाएगा।
पांवटा साहिब के डीएसपी सोमदत्त ने हिमाचल और उत्तराखंड की अन्तर्राज्य सीमा मीनस में बनाए गए अस्थाई पुलिस चैक पोस्ट का निरीक्षण करते हुए एक नई पहल शुरू की है। उन्होंने अन्तर्राज्य सीमा पार करके हिमाचल लौटने वाले लोगों के हाथों में पक्की स्याही से निशान लगाने के निर्देश दिए है। जो स्याही चुनाव के दौरान मतदाताओं की ऊँगली पर लगाई जाती है अब उसी स्याही का इस्तेमाल करके बाहरी राज्यों से हिमाचल में प्रवेश करने वाले लोगों को चिन्हित करने में किया जा रहा है।
दरअसल, इससे पहले हिमाचल प्रदेश की सीमाओं में आने वाले लोगों को उनकी स्वास्थ्य जांच के बाद चिकित्सा अधिकारियों द्वारा होम क्वारंटाइन या इंस्टिट्यूशनल क्वारंटाइन सेंटर भेजा जाता था। जिसके बाद कुछ स्थानों में प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन किये गए घर के बाहर चैतावनी सुचना वाला एक पोस्टर लगाया जाता है। मगर क्वारंटाइन किए गए व्यक्ति की पहचान के लिए उनपर कोई निशान नहीं लगाया जाता था। जिसके चलते कई ऐसे मामले सामने आए है जिसमें लोगो द्वारा क्वारंटाइन नियमों की अवहेलना की गई है। ऐसे में क्वारंटाइन किए गए लोगों की पहचान के लिए सिरमौर पुलिस द्वारा ये नया तरीका अपनाया गया है। जिससे हाथों में स्याही के निशान को देख कर ये आसानी से पता लगाया जा सकता है की उपरोक्त व्यक्ति को प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन किया गया है। इससे आम नागरिकों के साथ प्रशासन को भी ऐसे लोगों पर नकेल कसने में आसानी होगी।
डीएसपी सोमदत्त ने पांवटा पुलिस उपमण्डल के अंतर्गत आने वाले दुर्गम क्षेत्रों के साथ लगती सभी अन्तर्राज्य सीमाओं का निरीक्षण किया और हिमाचल के प्रवेश द्वारों में कोरोना ड्यूटी पर तैनात पुलिस के सभी जवानों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जनता से अपील करते हुए बताया कि कर्फ्यू में ढील के दौरान केवल आवश्यकता होने पर ही परिवार का एक ही सदस्य घर से बाहर आये। उन्होंने सभी लोगों से खरीददारी के लिए वाहन न लाने की अपील करते हुए बताया कि कृपया पुलिस का सहयोग करे।
आपको बताते चले की हिमाचल प्रदेश के सभी पुलिस उपमण्डल में पांवटा साहिब एकलौता ऐसा उपमण्डल है जहाँ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा राज्य सहित 3 राज्यों की अन्तर्राज्य सीमाएं साथ लगती है। ऐसे में पुलिस उपमंडलाधिकारी सोमदत्त की ये पहल कोरोना महामारी से हिमाचल प्रदेश को सुरक्षित रखने में अहम मानी जा रही है।