नाहन : वैश्विक महामारी से निपटने को लेकर सरकार एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। उम्मीद है कि कर्फ्यू लागू करने के बाद अब शहरवासी अनुशासित तरीके से पेश आएंगे। अगर ऐसा होगा तो प्रशासन व सरकार उन लोगों के बारे में भी सोच सकती है जो क्वारंटाइन किए गए हैं। साथ ही अलग-अलग जगहों पर घर लौटने को बेबस हैं। इसके अलावा दिहाड़ीदार मजदूर भी बेबस हैं। क्वारंटाइन पर रखे गए परिवार ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क को संपर्क साधकर कहा कि पूरे ही परिवार को घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है।
जिला दंडाधिकारी द्वारा नोटिस भी जारी किया हुआ है। इसके अलावा घर के बाहर भी पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। ऐसे हालात में वो घर का राशन व सब्जियां इत्यादि कहां से लेकर आएंगे। परिवार के मुताबिक उन्हें प्रशासन से डिपो का राशन भेजने का आश्वासन मिला है। मगर वो बच्चों व अन्य सदस्यों के लिए कुछ अपने स्तर पर भी खरीददारी करना चाहते हैं, लिहाजा इस समस्या का समाधान किया जाए।
उधर औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में काम करने वाले कर्मचारियों व कामगारों ने कहा कि वो कांगड़ा व चंबा के रहने वाले हैं। चूंकि फैक्टरियां बंद हैं, साथ ही रहने की उचित व्यवस्था भी नहीं है। लिहाजा घर लौटना चाहते हैं। उधर एक अन्य जानकारी के मुताबिक होम क्वारंटाइन की हिदायतों की पालना न करने पर एसडीएम स्तर पर 18 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। खंड चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से मिली रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।