मंडी : कोरोना वायरस के कारण आने वाले दिनों में बाजार बंद रहने की अफवाहों को जिलाधीश ने खारिज किया है। इस मसले पर उपायुक्त ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और सभी प्रकार की दुकानें खुली रखने की अपील की है। ताकि जरूरत की सभी चीजें आम जनता ले सके। इसी के साथ जिलाधीश ने स्पष्ट किया है कि जिला में खाद्य पदार्थों की कोई कमी नहीं है। लगातार प्रशासन सभी चीजों पर नजर रखे हुए है।
जिलाधीश ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि अभी तक कोई भी कोरोना वायरस पीडि़त मरीज नहीं है। बावजूद इसके एतिहातन सभी प्रकार के कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार की ओर जारी सभी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विदेश से आने वाले किसी भी व्यक्ति को 14 दिन के लिए घर में निगरानी में रखा जाएगा। इस प्रक्रिया को होम क्वारंटाइन कहा जाता है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ्य लोगों को मास्क पहनने की जरूरत नहीं है। केवल लोगों के कांटैक्ट में आने वाले व्यक्ति को ही मॉस्क पहनना चाहिए ताकि वायरस से बचा जा सके।
उन्होंने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही इसे फैलाएं। प्रशासन की ओर से समय समय पर मीडिया के माध्यम से सभी प्रकार जानकारी जनहित में दी जा रही है। केवल इस जानकारी पर ही विश्वास करें। बता दें कि कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जिला में प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। इसके तहत सरकारी कार्यालयों में केवल इमरजेंसी एंट्री ही दी जा रही है। जबकि अनावश्यक लोगों की भीड़ पर भी रोक लगा दी गई है।