रिकांगपिओ : जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार सुबह एक बार पुनः बर्फबारी हुई। कई दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद एक बार पुनः बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। हालांकि दिन ढलने के साथ ही बर्फबारी थम गई, तब तक रिकांगपिओ में करीब 3 इंच बर्फबारी हुई। इसी तरह छितकुल में करीब एक फीट बर्फबारी होने की सूचना मिली है। जिला के कल्पा, गंग्युल घाटी के रोपा, ज्ञाबुंग, रुशकलंग में भी हुई।
वीरवार सुबह करीब पांच बजे एनएच 5 पर रल्ली के समीप एक नाला में हिमस्खलन गिरने से एनएच-5 करीब पांच घंटे अवरुद्ध रहा। मार्ग अवरुद्ध होने से मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। गनीमत रही कि हिमस्खलन आते समय मार्ग पर कोई वाहन नही थी, अन्यथा भारी नुकसान हो सकता था। एनएच विभाग की मशीन आने के बाद करीब 10 बजे मार्ग बहाल होने के साथ यात्रियों ने राहत की सांस ली।