शिमला : राजधानी में एक बार फिर आसमान से आफत बरसी। रविवार को दिन में यहां अचानक बजरी व ओलों की बरसात होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। हालांकि शहर में आज दिन की शुरूआत खिली धूप से हुई थी। दोपहर तक आसमान साफ था। दिन में एक बजे एकाएक मौसम के तेवर बदल गए और आसमान से बजरी व ओले बरसने लग गए। कुछ ही मिनटों में शहर सफेद हो गया। सड़कों पर बर्फ की तर्ज पर बजरी के जमने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
शिमला-धर्मशाला नेशनल हाईवे-205 उपनगर टूटू के निकट ढांडा में अवरुद्ध हो गया। यहां कई वाहन बजरी में फंस गए। टूटू से हीरानगर तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। जिसे बहाल होने में आधा घंटा लग गया। शहर में जगह-जगह बजरी गिरने से लोगों को पैदल चलने में मुश्किलें आ रही हैं। ओलावृष्टि की बीच कई स्थानो पर बिजली भी गुल हो गई। शिमला से सटे पर्यटन स्थल कुफरी में भी काफी मात्रा में बजरी गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है। ओलावृष्टि के कारण पारा गिरने से शहर में ठंडक बढ़ गई है। जिले में आज न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने 26 फरवरी तक प्रदेश भर में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 27 से 29 फरवरी तक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में 28 व 29 फरवरी को गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं।