रिकांगपिओ: देवभूमि हिमाचल प्रदेश के हरेक गांव में देवी- देवताओं का वास है, उनके प्रति लोगों के अटूट आस्था रहती है। अक्सर हरेक कार्य में देवी- देवताओं की अनुमति लाजमी होती है। इस बार ट्राईबल जनपद किन्नौर से एक अलग तरह का ही वीडियो सामने आया है। आप जानकर हैरान होंगे कि पर्यटन के क्षेत्र में एक अलग पहचान रखने वाले रिब्बा गांव में देवता कासुराज जी महाराज ने गणतंत्र दिवस के ध्वजारोहण में हिस्सा लिया, बल्कि राष्ट्रगान के दौरान तिरंगे के सामने स्थिर आसीन रहे। अमूमन देवता की पालकी हिलती रहती है। हालांकि स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन बताया जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों ने मां भारती को सैल्यूट करने को लेकर देवता से पहले अनुमति हासिल की होगी। इसी के बाद देवता को ढोल-नगाड़ों के साथ उस जगह तक पहुंचाया गया, जहां तिरंगा फहराया जा रहा था। यह अलग बात है कि मंदिर के ही एक हिस्से में सामारोह का आयोजन किया गया था।
दीगर है कि प्रदेश के कई ऐसे क्षेत्रों से ध्वजारोहण की खबरें आई हैं, जहां तापमान माइनस 4 से माइनस 10 डिग्री था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ सालो से ग्रामीणों की कोशिश से ऐसा हो रहा है मगर इस बार वीडियो भी सामने आया है, जिसमे साफ़ नजर आ रहा है कि राष्ट्रगीत पर देवता स्थिर खड़े है। करीब 2500 की आबादी वाले रिब्बा गांव में अधिकतर लोग बौद्ध धर्म को मानते है।