सुंदरनगर : प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष कुलदीप राठौर के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने तीखा जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के बेतुके बयान को कुंठा से ग्रसित करार दिया है। राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय प्रदेश में समस्याओं का अंबार लगा हुआ था और जयराम उन्हीं कांग्रेस सरकार के द्वारा खोदे गए गड्ढों को भर सरकार को गति प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को वर्तमान में प्रदेश में हो रहा विकास पच नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि कुलदीप राठौर की कांग्रेस पार्टी में कोई सुनवाई नहीं होने की कुंठा से ग्रसित होकर वह अब बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। अजय राणा ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी दिखती ही नहीं है और कांग्रेस पार्टी को अपने ही प्रदेशाध्यक्ष पर विश्वास नहीं है। इसी कारण कुलदीप राठौर प्रदेश के मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के खिलाफ अनाप-शनाप बोल रहे हैं। राणा ने कुलदीप राठौर पर व्यंग करते हुए कहा कि अगर नाटी की बात है तो यह अकेले नहीं डाली जाती इसके लिए और लोग भी चाहिए होते हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पहले अपने पीछे जरा देखें की उनके साथ कौन-कौन हैं। उन्होंने कुलदीप राठौर को अकेले में बैठ कर कांग्रेस पार्टी के बारे में किंचित मात्र चिंतन करने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश व प्रदेश में जनहित के कार्यों के अंबार लगा दिए हैं। सीएए पर कांग्रेस पार्टी देश भर में फजीहत करवा रही है। वहीं भाजपा देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रही है। अजय राणा ने कहा कि हिमाचल देव भूमि है और नाटी हमारी संस्कृति है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार प्रदेश की संस्कृति का उपहास कर प्रदेेशवासियों का मजाक बना रहे हैैं। उन्होंनेे कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होकर बौखला गए हैं। अजय राणा ने कहा कि कांंग्रेस पार्टी आजकल एक ऐसा टोला बन गया है जिसे न तो देश हित का ख्याल है और न ही प्रदेश हितों का।