कुल्लू : मणिकर्ण पुलिस ने नेपाल से लाई जा रही 15 किलो 420 ग्राम चरस के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। नववर्ष के चलते ये चरस कसोल में बेची जानी थी। जानकारी के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर मणिकर्ण पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई भूप सिंह सहित एचसी संजय कुमार, एलएचसी मुरलीधर, सीटी मनोज, एचएच हेमराज और एल/सी नंदिनी घाटी के पंजाबी चूल्हा के पास नाके पर थे।
इसी दौरान स्विफ्ट गाड़ी को रात को दो बजे तलाशी के लिए रोका तो गाड़ी में सवार श्रेया थापा सागर (26) के पास 10.190 किलोग्राम चरस और विष्णु कला (32) के पास 5.212 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दोनों कपिलवस्तु, लुंबिनी नेपाल की रहने वाली हैं। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि ये दोनों हरिद्वार बस के जरिये भुंतर पहुंचे। उसके बाद 1000 रुपये में टैक्सी स्विफ्ट डिजायर किराए पर ली।
पंजाबी चुल्हा पर नाकाबंदी के दौरान करीब रात 1:45 बजे, टीम ने उनकी तलाशी ली। वाहन और 15.402 किलोग्राम चरस बरामद हुई। चरस उनके शरीर के चारों ओर लिपटी हुई थी। महिला अभियुक्त होने के नाते, महिला पुलिस ने जब जांच की तो ये चरस पकड़ी गई। टैक्सी चालक को तस्करी में शामिल नहीं पाया गया। बताया जा रहा है कि इस चरस को कसोल में बेचा जाना था। यह वर्ष 2019 की एकमात्र सबसे बड़ी मात्रा में चरस पकड़ी गई है।