मंडी : समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ रही हिंसा की घटनाओं की रोकथाम के लिए कई तरह के जागरूकता कार्यक्रम हो रहे हैं। इसी कड़ी में राजकीय वल्लभ काॅलेज मंडी में मंगलवार को जेंडर सेंसटाइजेशन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व प्रोफेसर अचला जम्वाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को जेंडर सेंसटाइजेशन पर टिप्स दिए और उन्हें महिला पुरूष एक समान होने बारे बताया। कार्यशाला में प्रोफेसर अचला जम्वाल ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण रहा।
उन्होंने कहा कि समाज में महिला और पुरूष वर्ग दोनों को ही समानता का अधिकार प्राप्त है। महिला-पुरूष दोनों का समान सम्मान हो इसके लिए लोगों में जागरूकता लाना आवश्यक है। उन्होने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवा छात्र-छा़त्राओं के लिए बहुत जरूरी हैं। वहीं, काॅलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ चमन प्रेमी ने बताया कि इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को टिप्स दिए गए कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के विरूद्ध किस तरह समाज को जागरूक किया जा सके। समाज में संवेदनशीलता किस तरह से लाई जाए पर मुख्य तौर पर चर्चा हुई।
नारी सशक्तिकरण, नारी का शिक्षित होने के साथ आर्थिक, सामाजिक रूप समान होना बेहद महत्वपूर्ण है। समाज में नारियों पर हो रहे अत्याचार चिंता का विषय है। इससे उभरने के लिए ही इस तरह की कार्यशाला का आयोजन किया गया है। ताकि महिलाओं का समग्र विकास समाज में संभव हो सके। साथ ही महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों पर रोकथाम की जा सके। इस जागरूकता कार्यशाला में कालेज के प्रधानाचार्य, स्टाफ व कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।