मंडी: बुजुर्ग महिला के साथ क्रूरता मामले में आज पुलिस ने तीन और लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। बीते कल पुलिस टीम ने हमीरपुर में जाकर बुजुर्ग महिला के बयान दर्ज किए थे। जिसमें पीड़ित महिला ने इन तीन लोगों का भी जिक्र किया था। उसी आधार पर पुलिस ने आज इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में 32 वर्षीय जसवंत सिंह पुत्र सोहन सिंह, गांव पट्टा, 43 वर्षीय संतोष कुमार पत्नी बालम राम और 37 वर्षीय बीना देवी पत्नी अनिल कुमान निवासी बड़ा समाहल शामिल हैं। इन्हें अगले कल कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा। वहीं पिछले कल गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को पुलिस ने आज कोर्ट में पेश किया। जहां से इन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं एसपी गुरदेव शर्मा ने आज पीड़ित बुजुर्ग के साथ बड़ा समाहल गांव का दौरा किया और घटनास्थल का जायजा लिया।
गुरदेव शर्मा पूरे दलबल और स्पेशल टाॅस्क फोर्स के साथ गांव में पहुंचे थे। यहां पर हुई घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की। एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने जिन आरोपियों के बारे में बताया था। उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। पुलिस मामले की पूरी गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। वहीं जिला पुलिस ने अब पीड़ित महिला और उसके परिवार को सुरक्षा भी मुहैया करवा दी है। पीड़ित बुजुर्ग महिला और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए दो पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। जब तक परिवार खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेगा तब तक यह पुलिस कर्मी इस परिवार को सुरक्षा मुहैया करवाएंगे। एसपी ने इसकी पुष्टि की है।
बता दें कि इस पूरे मामले में अभी तक 24 लोगों कीे गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। 21 आरोपियों को अगले कल कोर्ट में फिर से पेश किया जाएगा। इनकी रिमांड अवधी बढ़ाने की मांग पुलिस की तरफ से उठाई जाएगी। बताया जा रहा है कि पुलिस सख्ती से इन सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।