मंडी : अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्षा संतोष कपूर ने आरोप लगाया है कि देश में केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं के साथ यौन अपराध करने वाले दुराचारियों को संरक्षण दे रही हैं। यह आरोप उन्होंने मंडी में सम्पन्न हुए समिति के जिला स्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए लगाया। उन्होंने कहा कि देश में आज ऐसा माहौल नहीं बन पा रहा है। जिसमें महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। बल्कि ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है कि महिलाएं शाम को पांच बजे से पहले अपने घर पहुंच जाएं।
उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के साथ यौन अपराध करने वाले बाबे, सांसद, विधायक और अन्य प्रकार के जनप्रतिनिधियों को सरकारें संरक्षण दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन सभी बातों को लेकर देश भर में विशाल आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
प्रदेश में चरमरा रही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राज्य सरकार को जमकर खरी खोटी भी सुनाई। मांग उठाई कि प्रदेश के सभी पीएचसी स्तर के अस्पतालों में महिला एवं बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती की जाए ताकि महिलाओं को घर द्वार पर बेहतर उपचार सुविधा मिल सके। इन्होंने बताया कि 26 और 27 सितंबर को शिमला में समिति के राज्य सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें आंदोलन की आगामी रूपरेखा बनाई जाएगी।