ऊना : पुलिस थाना हरोली के तहत भदौड़ी में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीव कुमार पुत्र बलवीर सिंह निवासी भदौड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। वहीं मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक संजीव कुमार रोजाना की तरह घर में सोया हुआ था। सोमवार तड़के करीब तीन बजे संजीव कुमार ने खेतों से कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनी। इसी पर संजीव कुमार उठकर खेतों की ओर गया। इस दौरान खेतों में लगाए गए करंट के चलते संजीव कुमार चपेट में आ गया। हादसे में संजीव कुमार की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खेतों में करंट लगाने वाले भदौड़ी गांव के सुच्चा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी हरोली धनराज ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। वहीं खेतों में करंट लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।