एमबीएम न्यूज़ /शिमला
हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे व वरिष्ठतम कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह रविवार को 86 वर्ष के हो गए। अपना जन्मदिन पूजा अर्चना कर उन्होंने सादगी के साथ मनाया। इस अवसर पर उनके सैंकड़ो समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी शिमला में उनके निवास स्थान हॉली लॉज में पारंपरिक ढोल नगाड़े बजाकर लोकनृत्य के साथ खुशी का इजहार किया। लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आये उनके सैंकड़ो समर्थकों ने हॉली लॉज में लोक नृत्यों के साथ खुशी का इजहार किया।
राज्यपाल आचार्य देव व्रत ने दूरभाष पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए सलाहकार शशिकांत शर्मा के हाथों एक फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी दूरभाष पर वीरभद्र सिंह को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। अर्की विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने राजेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में विशेष उत्साह के साथ वीरभद्र सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन के दीर्घायु की कामना की।भाजपा के अनेक नेताओं ने भी वीरभद्र सिंह को शुभकामनाएं दी।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टॉक्स ने हॉली लॉज जा कर फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु की कामना की। कांग्रेस के विधायको और नेताओं ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। हॉली लॉज में आज दिन भर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।