वी कुमार/मंडी
थाची पीएचसी में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ व मारपीट मामले में आरोपी का कोई सुराग न लगने व महिला डॉक्टर को थाची से नगवाई प्रतिनियुक्ति पर भेजने का मामला सराज घाटी में गरमा गया है। मामले को लेकर शनिवार को थाची पंचायत में थाची पंचायत की प्रधान निर्मला देवी, बूंग जहल गाड़ के प्रधान महेंद्र राणा, भनवास के प्रधान पूर्ण चंद और मुराह के प्रधान शेष राम की अध्यक्षता में महासभा का आयोजन किया गया। महासभा में महिला डॉक्टर प्रकरण पर पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न लेने को लेकर कड़ी आपत्ति जाहिर की गई। महासभा में पंचायतों ने प्रशासन को चेताया है कि अगर दो दिन के भीतर महिला डॉक्टर मामले में हुई जांच को थाची में उपस्थित पंचायतों के लोगों के समक्ष सार्वजनिक नहीं किया गया तो थाची में आक्रोश रैली निकाली जाएगी।
बूंग जहल गाड़ के प्रधान महेंद्र राणा ने कहा कि पुलिस से एक तो आरोपी नहीं पकड़ा गया। वहीं दूसरी ओर महिला डॉक्टर को प्रतिनियुक्ति पर भेज देना गलत है। महासभा में प्रतिनियुक्ति रद्द करने की भी मांग उठाई गई। महेंद्र राणा ने कहा कि महिला डॉक्टर मामले में सैकड़ों लोगों से पूछताछ की गई जबकि दर्जनों लोगों की शिनाख्त परेड़ करवाई गई, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर नही पहुंच पाई है। उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर जांच को सार्वजनिक नहीं किया गया तो थाची की जनता सड़कों पर उतर जाएगी। सभा में सराज भाजपा मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर ने लोगों को भरोसा दिलवाया की इस मामले पर शीघ्र ही निर्णय तक पंहुचा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर आरोप साबित नहीं हुए तो सबंधित विभाग भी कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहे। इस दौरान भाजपा के शक्ति केंद्र अध्यक्ष केवल ने भी पुलिस छानबीन की रिपोर्ट 2 दिनों में सार्वजनिक करने की मांग की। सराज भाजपा के उपाध्यक्ष इंद्र सिंह ने कहा कि अगर मामले में क्षेत्र की छवि को जानबूझकर खराब करने का प्रयास किया गया है तो संबंधित डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और हड़ताल में शामिल सभी डॉक्टरों के हड़ताल के समय का वेतन काटा जाए।