वी कुमार/मंडी
सरकाघाट उपमंडल के सुरांगा क्षेत्र की 24 वर्षीय विवाहिता ने अपने परिवारजनों और ससुर पर छेड़छाड़ करने व मारपीट का मामला पुलिस में दर्ज कराया है। बहू ने पुलिस को अपनी लिखित शिकायत में कहा है कि बीती रात्रि 9.30 बजे के करीब वह अपने कमरे में आराम कर रही थी और घर के सभी लोग रसोईघर में थे। उसी समय ससुर (50) ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया।
दरवाजा खोलने के बाद वह उसके साथ अश्लीलता करने लगा। शोर मचाने पर उसका पति व घर की अन्य महिलाएं भी आ गई। सभी लोग उसके साथ मारपीट करने लगे और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। महिला ने बताया कि ससुर उसके निज़ी अंगों से छेड़छाड़ करने लगा। युवती का कहना है कि उसने बड़ी मुश्किल से गुड़िया हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। पुलिस के आने तक बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई और उसके बाद पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। विवाहिता ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
डीएसपी चन्द्रपाल सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की शिकायत पर उसके ससुर और घर के अन्य लोगों पर आईपीसी की धारा-323, 354 A, व 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।