एमबीएम न्यूज़/कालाअंब
ग्राम पंचायत कालाअंब के मोगीनंद बांकाबाड़ा स्थित अपने मायके से उत्तराखंड डकरानी स्थित ससुराल के लिए निकली थी। महिला व उसके दो छोटे बच्चों का करीब 25 दिन बीत जाने के बाद भी कुछ पता नहीं चल पा रहा है। 2 बच्चे घर पर अपनी मां व दो भाइयों का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस लगातार तीनों की तालाश कर रही है, लेकिन कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई है। जिसके चलते परिवार का हाल बेहाल है।
महिला के भाई अख्तर अली का कहना है कि उसकी बहन नसीमा बेगम पत्नी रज्जाक मौहम्मद अपने दो बच्चों शाहरूखान (4) व नौशाद (7) को लेकर बांकाबाड़ा में मायके में आई थी। जिसके बाद तीन मार्च को उन्होंने अपनी बहन व बच्चों को मोगीनंद से नाहन दोसड़का के लिए बस में बिठाया। मगर वह देर शाम तक घर नहीं पंहुचे। जिसके बाद सभी रिश्तेदारों में पता किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। ऐसे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस लगातार उनकी तालाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार नाहन- दोसड़का पर लगे सीसीटीवी फुटेज को जब जांचा गया तो पता चला कि महिला बच्चों सहित पांवटा साहिब की बस में बैठी। मगर इससे आगे महिला का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। महिला के पास मोबाइल फोन भी नहीं है। उधर, महिला के ससुराल में हाल बेहाल है। यहां उसके दो बच्चे व पति परिवार के तीन सदस्यों के अचानक गायब हो जाने से परेशान हैं। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस महिला की तालाश कर रही है।