एमबीएम न्यूज/नाहन
नाहन के चर्चित कवि दीन दयाल वर्मा के काव्य संग्रह ‘‘मन के वन में’’ का विमोचन रविवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया। काव्य संग्रह का लोकापर्ण करते हुए डॉ. बिंदल ने बताया कि यह एक ऐसा काव्य संग्रह है, जिसकी सभी 151 कविताएं जमीन, जंगल, जल की उपयोगिता के साथ-साथ प्रकृति के नजदीक दिखाई देती हैं।
सरल शब्दों में संदेश देती ये कविताएं पर्यावरण प्रेमियों को प्रेरित करती हैं। बिंदल ने कहा कि हिमाचली कवि का यह प्रयास सराहनीय है। पाठकों के लिए यह प्रेरणादायक व रूचिकर होगी। रश्मि प्रकाशन के मुख्य संपादक ने पुस्तक पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भारतवर्ष का प्रथम ऐसा काव्य संग्रह है, जिसमें 151 कविताओं के साथ एक कहानी ‘‘20 साल बाद’’, प्रकृति एवं पर्यावरण प्रेम व जागरूकता पर रची गई है। इससे पहले भी दीन दयाल वर्मा की कई रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं।
हिन्दी साहित्य में दीनदयाल का लिखा हुआ नाटक गुरु दक्षिणा के चार संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं। बहुमुखी प्रतिभा के धनी दीन दयाल वर्मा कहानी, लेख, व्यंग्य, संस्मरण, यात्रा वृतांत लिख चुके हैं। समग्र रूप से उनका लेखन आकर्षित एवं प्रभावित करता है। यह उनकी संवेदनषीलता ओर कलादृष्टि का परिणाम है।