नितेश सैनी/सुंदरनगर
उपमंडल बल्ह की ग्राम पंचायत हल्यातर के बनौण-घुराणु गांव में गत रात को रहस्यमयी तरीके से गैस का सिलेंडर फट गया। जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत हल्यातर के प्रधान रोशन लाल ने बताया कि घुराणु गांव के सुख राम पुत्र दिलाराम के घर में रात को अचानक गैस का सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। गनीमत यह रही कि उस वक्त घर के सभी सदस्य अपने किसी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। फटा सिलेंडर
घटना के वक्त घर में कोई भी सदस्य घर का मौजूद नहीं था। जिस वजह से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। रात को जब सिलेंडर फटने का धमाका हुआ तो आसपास के लोगों ने भी उस धमाके को सुना, परंतु किसी को भी यह पता नहीं चला कि पास के घर में गैस का सिलेंडर फटा है। हैरानी की बात यह थी कि गैस का सिलेंडर फटने के साथ कहीं पर भी कोई आग नहीं लगी। अगली सुबह जब सुखराम अपने घर में पहुंचा तो उसने देखा कि घर में गैस का सिलेंडर फटने की जानकारी मिली।
धमाके की वजह से घर का छत और दीवारें तक हिल गई। यह घर दो मंजिला बना है जिसमें बीच में लकड़ी के फट्टे डाले गए थे। धमाके के साथ वह भी टूट कर नीचे गिर गए थे परंतु कहीं भी आग का कोई नामोनिशान नहीं था। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी। पंचायत प्रधान ने बताया कि यह परिवार गरीब परिवार है और बीपीएल श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि इस धमाके में उनका लगभग एक लाख का नुकसान हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार की जल्द से यथासंभव सहायता प्रदान की जाए।