एमबीएम न्यूज़/ऊना
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा कार्यकर्ताओं को कबाड़ बोलने व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर टिप्पणियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व युवा कांग्रेस नेताओं ने कड़ा रूख अपना लिया है। जिला कांंग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव व प्रवक्ता सहित करीब एक दर्जन पदाधिकारियों ने सामूहिक त्याग पत्र दिया है। बुधवार को पदाधिकारियों व युवा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यकारी अध्यक्ष विवेक शर्मा के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस को अपना त्याग भेज दिया है।
त्याग पत्र देने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन मोहन सैणी, उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस प्रवक्ता वरूण पुरी, जिला महासचिव गोल्डी कपिला, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अंकुश शर्मा, जिला सचिव सुदेश शर्मा, बलजीत सिंह, ओबीसी सैल के जिलाध्यक्ष राकेश सैणी, पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष मुकेश जसवाल, ब्लॉक युवा कांग्रेस ऊना के उपाध्यक्ष विवेक ठाकुर, मैहतपुर कांग्रेस के युवा नेता सौरव रत्न भारद्वाज व राजिंद्र प्रिंस शामिल है।
त्याग पत्र देने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं व सुक्खू के खिलाफ टिप्पणी करना निंदनीय है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को कबाड़ बोलता शोभनीय बात नहीं है। वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री को कार्यकर्ताओं का सम्मान करना चाहिए। उनकी बदौलत व मेहनत के कारण ही छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि सुखविंद्र सिंह का कार्यकाल शानदार रहा है। उनके कार्यकाल में पार्टी बूथ लेवल तक मजबूत हुई है।