एमबीएम न्यूज़/शिमला
नगर निगम शिमला के सांगटी वार्ड के उपचुनाव में वोटिंग की प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हुई। उपचुनाव को लेकर वोटरों का खास उत्साह नहीं देखा गया। 43 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सुबह के समय वोटिंग की रफ़्तार बेहद धीमी थी। शुरूआती दो घंटों में महज दस फीसदी ही मतदान हुआ। 12 बजे तक वोटिंग की प्रतिशतता 24 फीसदी, दो बजे तक 37 और चार बजे तक 43 फीसदी रही।
मतदान की ओर लोगों के कम रूझान को देखते हुए प्रत्याशियों की दिल की धड़कने तेज हो गई। इसके बाद प्रत्याशियों ने भी लोगों से संपर्क करना शुरू किया। लोगों को मतदान केंद्रो तक लाने के लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर भेजा। जिसके बाद मतदान केंद्रो में लोगों की भीड़ बढ़ी। उपचुनाव में महिलाओं की अपेक्षा पुरूषों में मतदान का सबसे ज्यादा क्रेज देखने को मिला। सुबह से शाम चार बजे तक पांचों पोलिंग बूथों पर महिलाओं की अपेक्षा पुरूषों ने सबसे ज्यादा मतदान किया। उपायुक्त कार्यालय स्थित बचत भवन में मतों की गणना शुरू हो गई है। कुछ ही देर में परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। मतदान की ओर लोगों के कम रूझान को देखते हुए प्रत्याशियों की दिल की धड़कने तेज हो गई है। इस वार्ड में कुल 3919 मतदाता हैं जिनमें 2045 पुरूष तथा 1874 महिला मतदाता हैं।
इस वार्ड में भाजपा, माकपा व कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा की तरफ से मीरा शर्मा, कांग्रेस की तरफ से शिल्पा चौहान और माकपा से रंजना वर्मा चुनाव मैदान में हैं। मीरा शर्मा के इस्तीफे के बाद इस वार्ड में उपचुनाव हो रहे हैं। मीरा शर्मा पूर्व में कांग्रेस की पार्षद थी। उन्होंने बीते सितंबर माह में अचानक इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। कुछ दिन पहले उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। अब वह भाजपा की तरफ से चुनाव मैदान में हैं।