एमबीएम न्यूज़/शिमला
चौपाल उपमंडल के नेरवा थाना क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा आज दिन में 12:20 बजे नेरवा से 16 किलोमीटर दूर बथाल नामक स्थान पर हुआ। कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उसका भतीजा गंभीर रूप से जख्मी है। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कार नंबर (एचपी 15-7230) करीब 300 मीटर गहरी खाई में लुढ़की और कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान कार के चालक ने छलांग मारते हुए अपनी जान बचाई।
इस दुर्घटना में मृतक की पहचान बीर सिंह (65) ठाकुर के रूप में हुई है और वह पेशे से ठेकेदार है। घायल युवक मुनीष मृतक का भतीजा है। ये दोनों क्यारला गांव के रहने वाले हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दोनों को खाई से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को नेरवा अस्पताल लाया गया है। नेरवा पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।