वी कुमार/मंडी
यदि भाजपा के किसी कार्यकर्ता, पदाधिकारी या फिर किसी आम व्यक्ति को कोई खबर फेक लग रही हो और उसके बारे में वो सही जानकारी लेना चाहे तो वह भाजपा के आईटी सेल से संपर्क कर सकता है। भाजपा का आईटी सेल फेक न्यूज के बारे में सही जानकारी लोगों को पहुंचाएगा। यह जानकारी भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक चेतन बरागटा ने मंडी में दी। उन्होंने यहां पर भाजपा पदाधिकारियों के साथ आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर बैठक की।
आईटी सेल द्वारा किए जाने वाले कार्यों को लेकर चर्चा की गई। चेतन बरागटा ने बताया कि आईटी सेल 2019 के लोकसभा चुनावों के पहले प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेगा और लोगों तक केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएगा। चेतन बरागटा ने कहा कि बीते कुछ समय से सोशल मीडिया के माध्यम से फेक न्यूज को बढ़ावा देने का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में लोगों के बीच तरह-तरह की भ्रांतियां पैदा हो रही हैं।
यदि किसी खबर को लेकर भाजपा कार्यकर्ता, नेता या फिर किसी आम व्यक्ति में कोई शंका हो तो वह भाजपा आईटी सेल से इस बारे में जानकारी ले सकता है। लोग फेक न्यूज से सावधान रहें और सही खबरों को पढ़े। इसके लिए आईटी सेल पूरा प्रयास करेगा। इस मौके पर भाजपा के जिला महामंत्री चेत राम और सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष मुनीष कपूर सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।