एमबीएम न्यूज़/शिमला
एड शूटिंग के लिए शिमला पहुंचे विख्यात क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को राज्य सरकार की तरफ से स्टेट गेस्ट बनाए जाने पर विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से की जा रही बयानबाजी की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कड़ी आलोचना की है। विधानसभा में आज पर्यटन नीति पर चर्चा के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि धोनी एक अंतरराष्ट्रीय व्यक्तित्व है।
शिमला दौरे के दौरान सुरक्षा के लिहाज से राज्य सरकार ने उन्हें स्टेट गेस्ट का दर्जा दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि स्टेट गेस्ट के तहत धोनी को सिर्फ सुरक्षा ही मुहैया करवाई जा रही है। जबकि उनके ठहरने सहित अन्य सुविधाएं उन्हें निजी कंपनी द्वारा मुहैया करवाई जा रही हैं, जो कंपनी एड शूटिंग के लिए शिमला लाई है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि शिमला प्रवास के दौरान धोनी यहां के टूरिज्म को प्रमोट कर रहे है। उन्हें इस बात का खेद है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धोनी के स्टेट गेस्ट बनाने पर सवाल उठाए हैं। महेद्र सिंह धोनी न तो राजनेता हैं और न ही किसी पार्टी से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन सुक्खू का उन्हें लेकर बयान हैरान करने वाला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी सोच को परिपक्व करने की जरूरत है। दरअसल सुक्खू का बयान आया था कि धोनी प्राइवेट विजिट पर आए हैं। इसलिए राज्य अथिति बनाया जाना उचित नही है। केवल क्रिकेट खिलाड़ी को स्टेट गेस्ट का दर्जा देना गलत है। स्टेट गेस्ट के लिए पहले नियम बनाए जाने चाहिए। दूसरे खेलों के खिलाड़ियों को भी प्रावधान दिया जाना चाहिए। स्टेट गेस्ट का दर्जा केवल क्रिकेट खिलाड़ियों को न मिले।