एमबीएम न्यूज़/ शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कर्नाटक में येदुरप्पा सरकार के गिरने पर पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। सुक्खू ने कहा कि कर्नाटक में आखिर लोकतंत्र की जीत हुई और विधायकों ने एकजुटता दिखाकर मोदी व शाह के भ्रष्ट तंत्र पर करारी चोट की है। भाजपा की हॉर्स ट्रेडिंग व ऑपरेशन लोटस भी इस बार फेल हो गया।
कांग्रेस-जेडीएस विधायकों ने एकजुट होकर दिखा दिया कि भाजपा की खरीदत-फरोख्त की राजनीति अब नहीं चलने वाली है। भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को अगवा कर होटल में भी रखा, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और कांग्रेस की सतर्कता ने मोदी-शाह की एक नहीं चलने दी। सुक्खू ने कहा कि जेडीएस और कांग्रेस की सरकार बनने से देश भर में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।
भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर भी सत्ता पर काबिज नहीं हो पाई। येदुरप्पा सरकार लाख कोशिशों के बावजूद बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा पाई। सीएम येदुरप्पा ने बिना बहुमत परीक्षण का सामना किए ही इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि अब 2018 में होने वाले अन्य राज्यों के चुनाव व 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जीत हासिल करेगी। इसलिए कार्यकर्ता चुनाव में जीत के लिए कमर कस लें।