शिमला (एमबीएम न्यूज़): राजधानी के रिप्पन अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया कंडा जेल का सजायाफ्ता कैदी सुनील कुमार आज दिन में फरार हो गया था। कैदी की फरारी की जानकारी हुई तो पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। छह घंटे के भीतर उसे पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस व जेल विभाग की संयुक्त टीम ने कैदी सुनील कुमार को रिप्पन अस्पताल के समीप कृष्णानगर इलाके से गिरफ्तार किया। 45 वर्षीय सुनील कुमार एनडीपीएस एक्ट में 10 साल की सजा काट रहा था। पिछले साल से वह शिमला के कंडा जेल में बंद था। वह चंबा जिले का रहने वाला है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परवीर ठाकुर ने कैदी की गिरफ्तारी की पुष्ठि की और बताया कि छह घंटे के भीतर उसे पकड़ लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि कैदी को कृष्णानगर इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि शनिवार साढ़े 12 के आसपास सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। उसे पेट में तकलीफ होने के चले जेल प्रशासन ने अस्पताल चेकअप के लिए भेजा था। कैदी के साथ दो सुरक्षा कर्मी भेजे गए थे। बताया जाता है कि टेस्ट करवाने के लिए सुरक्षा कर्मी उसे अस्पताल की एक प्रयोगशाला में लेकर गए थे, जहां उसने भीड़ का फायदा उठाया और कमरे के दूसरे दरवाजे से फरार हो गया। इस घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों के हाथपांव फूल गए और तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचित किया गया।
शिमला जिला पुलिस ने अलर्ट जारी करते हुए कैदी की जोरों-शोरों से तलाश शुरू कर दी और वाटसअप सहित अन्य माध्यमों से उसका हूलिया सर्कूलेट किया गया। इस बीच शाम को पुलिस को कृष्णानगर में कैदी के मौजूद होने की सूचना मिली और कैदी गिरफ्तार कर लिया गया।