चम्बा (एमबीएम न्यूज़) : पुलिस थाना डलहौजी में अनुसूचित जाति व कृषक होने का जाली प्रमाण पत्र बनवाकर सेल डीड में लगाने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायर्त्ता ने पुलिस में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
शिकायतकर्त्ता अशोक प्लाहा पुत्र अमर नाथ प्लाहा निवासी गांव सुर्खीगल्ला डाकघर बनीखेत तहसील डलहौजी जिला चंबा के ब्यान के आधार पर पुलिस ने अवतार सिंह पुत्र भूपिंद्र सिंह निवासी गांव बैहलून कैंट व अनिल सूद पुत्र हीरा लाल निवासी बैहलून कैंट व आरएच अवस्था (एक्स सीईओ) केंटोनमेंट बोर्ड डलहौजी के खिलाफ भादंस की धारा 420, 467, 471, 120बी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए ब्यान में अशोक प्लाहा ने बताया कि वर्ष 2006 में अवतार सिंह ने अनिल कुमार (सदस्य केंटोनमेंट बोर्ड डलहौजी कैंट) के साथ मिलीभत कर जाली अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनाया है। अशोक प्लाहा ने बताया कि अवतार सिंह कृषक नहीं है। बावजूद इसके सेल डीड में कृषक होने का जाली प्रमाण पत्र लगाया। इससे मिलीभगत कर उक्त लोगों ने सरकारी दस्तावेज हेराफेरी कर बनाए है। पुलिस ने शिकायतकर्त्ता के ब्यान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।