मंडी(वी कुमार): पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के हिमाचल दौरे पर निशाना साधा है। धूमल का कहना है कि चुनाव प्रचार के लिए हिमाचल आकर राहुल गांधी ने भाजपा की जीत को सुनिश्चित कर दिया है। क्योंकि राहुल गांधी जिस भी प्रदेश में कांग्रेस के प्रचार के लिए जाते हैं वहां पर भाजपा की सरकार बनती है।
यह बात उन्होंने जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लडभडोल में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। यहां पर प्रो. धूमल अपने समधी गुलाब सिंह ठाकुर के लिए प्रचार करने पहुंचे हुए थे। प्रो. धूमल ने कहा कि केंद्र सरकार ने साढ़े तीन वर्षों के दौरान प्रदेश को सब कुछ दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पैंशन मिली है और यह भाजपा सरकार की देन है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में राहुल गांधी के आने से भाजपा का मिशन 50$ अब 60$ में तबदील हो गया है। धूमल ने कहा कि जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को लेकर जो विजन डाक्यूमेंट बनाया है कि उसे भाजपा सरकार के सत्ता में आने पर लागू करवाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं जोगिंद्रनगर से भाजपा के प्रत्याशी गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि लोगों में भाजपा के प्रति भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लडभडोल इलाके के लोगों को एसडीएम कार्यालय के लिए जोगिंद्रनगर न जाना पड़े इसलिए यहां पर एसडीएम कार्यालय खोला जाएगा। उन्होंने धूमल द्वारा जोगिंद्रनगर भाजपा के विजन डाक्यूमेंट को लागू करवाने की बात पर प्रसन्नता जताई और लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।