श्री रेणुका जी (एमबीएम न्यूज): विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल खासा दिलचस्प हो गया है। यहां भाजपा के कमल व पूर्व विधायक हिरदा राम के गोभी के फूल के बीच पंजा फंसा हुआ है। देखना यह है कि कांग्रेस का पंजा निकलने में कामयाब होता है या नहीं। गौरतलब है, भारतीय जनता पार्टी के बागी व पूर्व विधायक हिरदा राम को गोभी का फूल चुनाव चिन्ह मिला है। सीपीएस विनय के कुछ खास समर्थक उनसे किनारा कर गए हैं।
अहम बात यह है कि पूर्व विधायक रूप सिंह भी हिरदा राम के समर्थन में खुलकर सामने आ रहे हैं। 1990 में जनता दल के टिकट पर रूप सिंह विधायक बने थे। कुछ साल पहले कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। लेकिन हाशिए पर रखे गए। 2011 के रेणुका उप चुनाव में भाजपा के टिकट पर हिरदा राम ने मैदान जीत लिया था। पार्टी ने 2012 के आम चुनाव में हिरदा राम को टिकट दिया था। लेकिन इस बार टिकट कट गया। भाजपा प्रत्याशी बलबीर चौहान व पूर्व विधायक हिरदा राम क्षेत्र में सहानुभूति बटोरने की पूरी कोशिश में लगे हुए हैं।
नारा यह भी चल रहा है कि विनय कुमार, रूप सिंह व हिरदा राम की विधानसभा से पेंशन लग चुकी है, अबकी बार बलबीर की पेंशन लगानी है। बहरहाल सीपीएस विनय कुमार की डगर आसान नहीं है तो कमल व गोभी का फूल भी मैदान में डटा है।