मंडी (वी कुमार) : बीते 20 वर्षों से जीत के लिए तरस रही सराज ब्लाक कांग्रेस कमेटी को इस बार चुनावों के दौरान एक और जोरदार झटका लगा है। सराज ब्लाक कांग्रेस कमेटी की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले पांच दिग्गज नेताओं ने हाथ का साथ छोड़कर कमल का फूल पकड़ लिया है। सीएम के खास माने जाने वाले दलीप सिंह ठाकुर, खेम सिंह राणा, सूरजमणी, खेम सिंह ठाकुर और जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लालमन ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।
दलीप सिंह ठाकुर और खेम सिंह राणा बीते करीब 40 वर्षों से कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े थेए लेकिन बीते पांच वर्षों में पार्टी ने इनकी जो उपेक्षा की उससे तंग आकर इन्होंने पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। दलीप सिंह ठाकुर टिकट के दावेदारों में भी थे लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया। भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर ने सभी का पार्टी में स्वागत किया और इसे भाजपा के मजबूती तथा कांग्रेस के जोरदार झटका करार दिया।
वहीं दलीप सिंह ठाकुर ने कहा कि सराज के विकास में जय राम ठाकुर अपना योगदान दे रहे हैं और अब वह भी जय राम ठाकुर के साथ मिलकर इसके भागीदार बनेंगे।